Blog

  • मुख्यमंत्री ने नंदा की चौकी पुल के एप्रोच रोड के पुनर्निर्माण कार्य का किया निरीक्षण

    मुख्यमंत्री ने नंदा की चौकी पुल के एप्रोच रोड के पुनर्निर्माण कार्य का किया निरीक्षण

    देहरादून

    *एप्रोच रोड क्षतिग्रस्त होने पर राज्य सरकार ने तत्काल कार्रवाई करते हुए 12 घंटे के भीतर कराया था पुनर्निर्माण*

    मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने आज सहसपुर के भाऊवाला में आयोजित महिला संवाद एवं सम्मान कार्यक्रम से वापस लौटते समय प्रेमनगर स्थित नंदा की चौकी पुल के एप्रोच रोड के पुनर्निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने कार्यस्थल पर पहुंचकर पुनर्निर्माण की गुणवत्ता, सुरक्षा व्यवस्थाओं तथा यातायात संचालन की स्थिति का जायजा लिया और अधिकारियों से विस्तृत जानकारी प्राप्त की।

    उल्लेखनीय है कि नंदा की चौकी पुल का एप्रोच रोड क्षतिग्रस्त होने की सूचना मिलते ही राज्य सरकार ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित विभागों को तत्काल राहत एवं पुनर्निर्माण कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए थे। मुख्यमंत्री के निर्देशन में युद्धस्तर पर कार्य करते हुए एप्रोच रोड का पुनर्निर्माण मात्र 12 घंटे के भीतर पूर्ण कर लिया गया, जिससे क्षेत्र में यातायात व्यवस्था शीघ्र सामान्य हो सकी और आमजन को होने वाली असुविधा से राहत मिली।

    मुख्यमंत्री ने पुनर्निर्माण कार्य में सलंग्न अधिकारियों, अभियंताओं एवं कार्मिकों के त्वरित एवं समर्पित प्रयासों की सराहना भी की।

  • शिक्षा मंत्री डाॅ. रावत ने पौड़ी से किया ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का शुभारम्भ

    शिक्षा मंत्री डाॅ. रावत ने पौड़ी से किया ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का शुभारम्भ

     

     

    श्रीनगर/देहरादून,
    प्रदेश के कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने पौड़ी से राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता के संदेश के साथ ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का भव्य शुभारम्भ किया। इस दौरान पाबौ, सांकरसैंण और पौड़ी में आयोजित तिरंगा यात्राओं में हजारों लोगों, जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं एवं छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। उनके साथ पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत, पौड़ी विधायक राजकुमार पोरी सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

    तिरंगा यात्राओं के दौरान भारत माता की जय के जयघोष से पूरा क्षेत्र राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। सांकरसैण में डॉ. रावत ने कहा कि 15 अगस्त को देश अपना 80वां स्वतंत्रता दिवस मनाने जा रहा है। स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव का अवसर नहीं, बल्कि देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीरों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का भी अवसर है। उन्होंने युवाओं सहित प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों, प्रतिष्ठानों एवं संस्थानों में राष्ट्रीय ध्वज अवश्य फहराएं और ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को जन-जन का अभियान बनाएं।

    पाबौं में ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के दौरान डाॅ. रावत ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान राष्ट्र की एकता, अखंडता और देशभक्ति की भावना को और मजबूत करने का माध्यम है। उन्होंने बताया कि आगामी 15 अगस्त तक प्रदेश के सभी शिक्षण संस्थानों में भी तिरंगा यात्राओं सहित विभिन्न राष्ट्रभक्ति कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।

    राजकीय महाविद्यालय पाबौ में डॉ. रावत ने छात्र-छात्राओं से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों की शिक्षा, भविष्य की आकांक्षाओं, नवाचार एवं अन्य विषयों पर चर्चा करते हुए उनके विचार और सुझाव सुने। उन्होंने कहा कि युवाओं में प्रतिभा, ऊर्जा और नवाचार की अपार क्षमता है। सरकार का प्रयास है कि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक अवसर, आधुनिक संसाधन और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराई जाए, ताकि वे अपने सपनों को साकार करते हुए उत्तराखंड और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे सकें।

    इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष कमल किशोर रावत, मंडल अध्यक्ष विमल नेगी, जनप्रतिनिधिगण, पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

     

  • मुख्य सचिव  आनन्द बर्द्धन ने सोमवार को सचिवालय में राजस्व वृद्धि के सम्बन्ध में अधिकारियों के साथ बैठक ली।

    मुख्य सचिव  आनन्द बर्द्धन ने सोमवार को सचिवालय में राजस्व वृद्धि के सम्बन्ध में अधिकारियों के साथ बैठक ली।

    *देहरादून
    मुख्य सचिव  आनन्द बर्द्धन ने सोमवार को सचिवालय में राजस्व वृद्धि के सम्बन्ध में अधिकारियों के साथ बैठक ली। बैठक के दौरान मुख्य सचिव ने लक्ष्य के सापेक्ष अर्जित राजस्व की जानकारी ली एवं राजस्व वृद्धि के नवीन प्रयास एवं नवाचारों पर अधिकारियों से चर्चा की।

    मुख्य सचिव ने कहा कि एसजीएसटी में अभी काफी पोटेंशियल है। उन्होंने एसजीएसटी विभाग को टैक्स चोरी को रोकने के लिए एआई आधारित जाँच बढ़ाए जाने पर काम किए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने अगले 4-5 महीनों में एआई बेस्ड मैकेनिज्म तैयार किए जाने के निर्देश दिए। साथ ही, कर सम्बन्धी सभी विभागों का डाटा इंटीग्रेशन किए जाने पर जोर दिया। उन्होंने परिवहन विभाग के एएनपीआर कैमरों के प्रभावी उपयोग के साथ ही सब रजिस्ट्रार कार्यालयों में निबंधन और रजिस्ट्रेशन सम्बन्धी रखरखाव कार्यों का डिजिटाईजेशन किए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वन या गैर क्षेत्रों में नये खनन लाटस चिन्हित किये जाएं तथा इस हेतु जिला प्रशासन का सहयोग भी प्राप्त किया जाए। उन्होंने परिवहन विभाग द्वारा स्थापित किये गये ए0एन0पी0आर0 कैमरा को खनन विभाग, वन विभाग तथा राज्य कर विभाग के साथ इंटिग्रेट किए जाने की बात कही।

    मुख्य सचिव ने कहा कि वन निगम जिन खनन व प्रकाष्ठ लॉट्स पर कार्य नहीं कर पा रहा है, उन पर वन विभाग अपने स्तर से कार्यवाही करें। उन्होंने कहा कि प्रदेश में जड़ी बूटी के क्षेत्र में भी अच्छा पोटेंशियल है। उन्होंने जड़ी बूटियों से सम्भावित आय का अध्ययन किए जाने की बात कही। कहा कि आय के नए स्रोत के रूप में कार्बन क्रेडिट, नये इको टूरिज्म स्थलों का विकास को सम्मिलित किया जाए। उन्होंने जनसामान्य को प्रकाष्ठ की सुगम उपलब्धता सुनिश्चित करने हेतु ऑनलाईन व्यवस्था की सुनिश्चित किए जाने पर जोर दिया। साथ ही इसके लिए आईटीडीए से तकनीकी सहायता हेतु समन्वय किए जाने की बात कही।

    इस अवसर पर प्रमुख सचिव श्री आर.के. सुधांशु, श्री आर. मीनाक्षी सुन्दरम, सचिव श्री दिलीप जावलकर, श्री बृजेश कुमार संत, श्री रणवीर सिंह चौहान, अपर सचिव श्री हिमांशु खुराना, श्रीमती अनुराधा पाल एवं श्री मनमोहन मैनाली सहित सम्बन्धित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

  • विनोद खंडूरी  ने हर घर तिरंगा यात्रा कार्यक्रम में किया प्रतिभाग

    विनोद खंडूरी ने हर घर तिरंगा यात्रा कार्यक्रम में किया प्रतिभाग

    देहरादून ।भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता व भाजपा सैनिक प्रकोष्ठ सहसंयोजक विनोद खंडूरी ने हर घर तिरंगा यात्रा कार्यक्रम में किया प्रतिभाग।

    विनोद खंडूरी ने कहा तिरंगा यात्रा, राष्ट्र गौरव का उत्सव है। तिरंगा, करोड़ों भारतवासियों के स्वाभिमान का प्रतीक है। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं वीर जवानों ने तिरंगे पर कभी कोई आंच नहीं आने दी। हमारा संकल्प है कि भारत की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा के लिए सदैव प्रतिबद्ध रहेंगे।उन्होंने कहा राष्ट्रभक्ति की भावना देवभूमि के कण-कण में बसी है।

  • समूह की महिलाओं द्वारा बनाया गया तिरंगा हर घर लहराएगा

    समूह की महिलाओं द्वारा बनाया गया तिरंगा हर घर लहराएगा

     

    *देहरादून
    प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के ‘वोकल फॉर लोकल’ के आह्वान और मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के विजन को सहसपुर ब्लॉक की स्वयं सहायता समूह की महिलाएं साकार कर रही है। ग्रामीण महिलाओं के हाथों से तैयार हो रहा सूती कपड़े का हैंडमेड तिरंगा इस बार ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को नई गति प्रदान कर रहा है।

    सहसपुर ब्लॉक के शंकरपुर स्थित सिलाई यूनिट में समूह की महिलाओं ने अब तक 5,000 से अधिक तिरंगे तैयार कर लिए हैं। रीप ( ग्रामीण उद्यमिता एवं आजीविका परियोजना) और एनआरएलएम (राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन ) के माध्यम से तिरंगों की लगातार बढ़ती मांग से महिलाओं के हुनर और अपनी प्रतिभा दिखाने का एक सुनहरा अवसर भी मिल रहा है।

    आस्था क्लस्टर लेवल फेडरेशन द्वारा हर वर्ष 15 अगस्त और 26 जनवरी के लिए बड़ी संख्या में राष्ट्रीय ध्वज तैयार करता है। स्कूलों, सामाजिक संस्थाओं और विभिन्न राजनीतिक दलों से भी इन हैंडमेड तिरंगों की अच्छी मांग रहती है। हैंडमेड तिरंगा निर्माण ने ग्रामीण महिलाओं को केवल रोजगार ही नहीं दिया, बल्कि आत्मसम्मान और आर्थिक सशक्तिकरण की नई पहचान भी दिलाई है। बीते 26 जनवरी के अवसर पर तिरंगा निर्माण एवं बिक्री से समूह की महिलाओं ने लगभग 1 लाख रुपये की बचत अर्जित की।

    *यूनिट बनी स्वरोजगार का साधन*
    शंकरपुर स्थित सिलाई यूनिट का सफल संचालन कर रही जयमाला ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनकल्याणकारी योजनाओं को ग्रामीण महिलाओं का आर्थिक साधन बताया। जयमाला ने बताया कि इस यूनिट के माध्यम से ग्रामीण महिलाएं रोजगार के लिए सशक्त हुई है। साथ ही उन्हें विभाग की मदद से कई राष्ट्रीय ध्वज तैयार करने के ऑर्डर भी मिलते हैं। जिससे उन्हें मार्केट में अपनी अलग पहचान बनाने का अवसर भी मिल रहा है। उन्होंने बताया कि घर के पास ही काम मिलने से महिलाएं परिवार की जिम्मेदारियों के साथ आय भी अर्जित कर रही हैं।

    *15 अगस्त और 26 जनवरी में रहती है अधिक डिमांड*

    आस्था क्लस्टर लेवल फेडरेशन के अंतर्गत चांदनी स्वयं सहायता समूह की सदस्य कविता ने बताया कि 15 अगस्त और 26 जनवरी में हमें राष्ट्रीय ध्वज बनाने की अधिक डिमांड आती है। कविता ने बताया कि शंकरपुर में स्थापित इस सिलाई यूनिट के माध्यम से हम सभी समूह की महिलाएं अपना रोजगार चल रही हैं। उन्होंने बताया कि समय-समय पर सरकारी विभाग, ब्लॉक कार्यालय, स्कूल कॉलेज,राजनीतिक पार्टियों और लोकल मार्केट से अच्छा व्यापार मिलता है। कविता ने जिला प्रशासन और मुख्यमंत्री का धन्यवाद करते हुए कहा कि सिलाई यूनिट की पहल से न केवल उन्हें रोजगार मिला, बल्कि उन्हें अपनी अलग पहचान दिखाने का अवसर भी प्राप्त हो रहा है।

    *विभाग भी खरीद रहा महिलाओं के हैंडमेड तिरंगे*

    *जिला परियोजना प्रबंधक रीप* सोनम गुप्ता ने बताया कि रीप परियोजना के तहत सहसपुर ब्लॉक में सिलाई यूनिट की स्थापना की थी। इसी यूनिट में आस्था क्लस्टर लेवल फेडरेशन की महिलाएं राष्ट्रीय ध्वज बनाने का कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि पूर्व में भी 15 अगस्त और 26 जनवरी के लिए यह महिलाएं राष्ट्रीय ध्वज बनाती आ रही है। यूनिट के स्थापित होने से इस बार महिलाएं बड़े स्तर पर झंडे बनाने का कार्य कर रही हैं। सोनम ने बताया कि इस यूनिट में 15 से 20 महिलाएं राष्ट्रीय ध्वज बनाने का कार्य कर रही है। हर घर तिरंगा अभियान में राष्ट्रीय ध्वज की आवश्यकता को देखते हुए समूह की महिलाओं से तिरंगे भी खरीदे जा रहे हैं।

    *हर घर तिरंगा अभियान से जुड़े लोग क्लस्टर से खरीद रहे तिरंगे*

    मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह सामने बताया कि मा.मुख्यमंत्री के निर्देशन में रीप ( ग्रामीण उद्यमिता एवं आजीविका परियोजना) और एनआरएलएम ( राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन ) के माध्यम से स्वयं सहायता समूह की ग्रामीण महिलाएं अपने पसंदीदा क्षेत्र में बहुत अच्छा कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि आगामी 15 अगस्त को देखते हुए समूह की महिलाएं विभिन्न आकार के झंडे बना रही हैं। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन भी उनसे राष्ट्रीय ध्वज खरीद रहा है। साथ ही उनकी लोकल मार्केट में भी अच्छी खासी डिमांड है। मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि हर घर तिरंगा अभियान से जुड़े लोग भी समूह की महिलाओं से अच्छी क्वालिटी वाले तिरंगे खरीद रहे है। जिससे उनकी आर्थिक स्थिति भी मजबूत हो रही है। साथ ही उनके काम को भी प्रोत्साहन मिल रहा है।

    *आय सृजन के साथ राष्ट्रीय-उत्सव में अच्छा परिचय दे रही समूह की महिलाएं*

    जिलाधिकारी डॉ आशीष चौहान ने बताया कि रीप ( ग्रामीण उद्यमिता एवं आजीविका परियोजना) के सहयोग से ग्रामीण समूह की महिलाएं हर घर तिरंगा अभियान में हिस्सा भी ले रही है साथ ही राष्ट्रीय ध्वज बनाकर अपनी आय भी सृजित कर रही है। उन्होंने कहा कि समूह की महिलाएं न केवल स्वरोजगार स्थापित कर रही है बल्कि राष्ट्रीय उत्सव में अपनी प्रतिभा का परिचय भी पेश कर रही है।

  • मुख्यमंत्री ने हर घर तिरंगा यात्रा कार्यक्रम में किया प्रतिभाग

    मुख्यमंत्री ने हर घर तिरंगा यात्रा कार्यक्रम में किया प्रतिभाग

    देहरादून।

    मुख्यमंत्री  पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को गांधी पार्क, देहरादून में आयोजित हर घर तिरंगा यात्रा कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से स्वतंत्रता दिवस पर अपने-अपने घरों में तिरंगा फहराने और राष्ट्रभक्ति की ज्वाला को सदैव प्रज्वलित रखने का आवाह्न किया।

    मुख्यमंत्री ने घंटाघर स्थित उत्तराखण्ड आन्दोलन के महान नायक स्व. श्री इन्द्रमणी बडोनी एवं भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री, गांधी पार्क से घंटाघर तक हजारों लोगों के साथ तिरंगा यात्रा में भी शामिल हुए।

    मुख्यमंत्री ने कहा तिरंगा यात्रा, राष्ट्र गौरव का उत्सव है। तिरंगा, करोड़ों भारतवासियों के स्वाभिमान का प्रतीक है। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं वीर जवानों ने तिरंगे पर कभी कोई आंच नहीं आने दी। हमारा संकल्प है कि भारत की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा के लिए सदैव प्रतिबद्ध रहेंगे।उन्होंने कहा राष्ट्रभक्ति की भावना देवभूमि के कण-कण में बसी है।

    मुख्यमंत्री ने कहा प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत, महाशक्ति के रूप में आगे बढ़ रहा है। भारत की अर्थव्यवस्था तेज गति से आगे बढ़ रही है। मेक इन इंडिया, डिजिटल क्रांति, स्वदेशी तकनीक से भारत आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रहा है।आज हम दुनिया को अनेकों क्षेत्र में नई दिशा दिखा रहे हैं।

    मुख्यमंत्री ने कहा प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारतीय सेना का मनोबल बढ़ा है। सर्जिकल स्ट्राइक, ऑपरेशन सिंदूर से भारत ने पूरी दुनिया को अपनी ताकत दिखाई। देश, रक्षा क्षेत्र में निर्यातक बन रहा है। उन्होंने कहा हमारा राज्य देवभूमि के साथ वीरभूमि भी है। उत्तराखंड की मिट्टी ने देश को अनगिनत वीर सैनिक दिए हैं। हर दूसरे परिवार का बेटा सीमा पर रक्षा के लिए तैनात रहता है। राज्य सरकार अपने वीर जवानों, पूर्व सैनिकों और शहीद परिवारों के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

    मुख्यमंत्री ने कहा प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत 2047 के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है। राज्य सरकार, प्रदेश में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, पानी और हवाई कनेक्टिविटी जैसी सुविधाओं को मजबूत कर रही है। 30 से अधिक क्षेत्रों में विशिष्ट नीतियों के माध्यम से राज्य में विकास का रोडमैप तैयार किया गया है। डबल इंजन की सरकार के प्रयासों से उत्तराखंड विकास की ऊंचाइयों को छू रहा है। राज्य की अर्थव्यवस्था कई गुना बढ़ चुकी है, पिछले एक वर्ष में राज्य की जीएसडीपी में 7.23 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज हुई है। राज्य की प्रतिव्यक्ति आय में भी 41 प्रतिशत की ऐतिहासिक वृद्धि हुई है।

    मुख्यमंत्री ने कहा प्रदेश में 20 हजार से अधिक नए उद्योग स्थापित हुए हैं। स्टार्टअप्स की संख्या भी 1750 से अधिक हो चुकी है। राज्य में रिवर्स पलायन में 44 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी हुई है साथ ही सतत विकास के लक्ष्यों को पूरा करने में राज्य ने देश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि देवभूमि के मूल स्वरूप के साथ किसी को भी खिलवाड़ नहीं करने दिया जाएगा।

    मुख्यमंत्री ने कहा राज्य में कड़ा धर्मांतरण विरोधी कानून, कठोर दंगा रोधी कानून, देश में सबसे पहले समान नागरिक संहिता का कानून लागू किया है।प्रदेश में मदरसा बोर्ड को समाप्त कर उत्तराखंड राज्य अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण बनाया गया है। साथ ही बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वाले 250 से अधिक अवैध मदरसों पर कार्रवाई कर उन्हें बंद किया गया है।

    मुख्यमंत्री ने कहा राज्य में करीब 13 हजार एकड़ से अधिक सरकारी भूमि को कब्जे से मुक्त किया है। भ्रष्टाचारियों पर कड़ी कार्यवाही की गई है। सख्त नकल विरोधी कानून लागू होने के बाद बिना किसी धांधली के पिछले करीब पांच वर्षों में 34 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां मिली है। राज्य में युवाओं को ‘नौकरी देने वाला’ बनाने के मकसद से युवाओं को मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, होम-स्टे, पर्यटन नीति जैसी कई योजनाओं के माध्यम से बड़े पैमाने पर स्वरोजगार और उद्यमिता से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है

    इस अवसर पर राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, नरेश बंसल, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, सौरभ बहुगुणा, खजान दास, विधायक उमेश शर्मा काऊ, विनोद चमोली, श्रीमती सविता कपूर, मेयर सौरभ थपलियाल, महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल, महामंत्री कुंदन परिहार, श्रीमती दीप्ति रावत एवं अन्य लोग मौजूद रहे।

  • मुख्यमंत्री ने प्रदान की विकास योजनाओं के साथ ही कुम्भ मेला-2027 के कार्यों हेतु ₹ 80.96 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति।

    मुख्यमंत्री ने प्रदान की विकास योजनाओं के साथ ही कुम्भ मेला-2027 के कार्यों हेतु ₹ 80.96 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति।

    देहरादून।

    मुख्यमंत्री  पुष्कर सिंह धामी द्वारा जनपद उधमसिंहनगर के विधानसभा क्षेत्र नानकमत्ता के अन्तर्गत नगर पंचायत, नानकमत्ता में पानी निकासी एवं सौन्दर्यीकरण किये जाने हेतु ₹ 96 लाख की धनराशि स्वीकृत किये जाने के साथ ही शहरी विकास विभाग के अन्तर्गत कुम्भ मेला-2027 के कार्यों हेतु ₹ 175.00 करोड़ के सापेक्ष प्रथम चरण में ₹ 80.00 करोड़ की धनराशि स्वीकृत किये का अनुमोदन प्रदान किया गया है।

  • आईआईएफएल फाइनेंस ने स्वतंत्रता दिवस से पहले महिलाओं के लिए विशेष गोल्ड लोन योजना शुरू की

    आईआईएफएल फाइनेंस ने स्वतंत्रता दिवस से पहले महिलाओं के लिए विशेष गोल्ड लोन योजना शुरू की

     

    देहरादून। अग्रणी गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनी (एनबीएफसी) आईआईएफएल फाइनेंस ने आज स्वतंत्रता दिवस से पहले महिला उधारकर्ताओं के लिए एक विशेष गोल्ड लोन पेशकश की घोषणा की। इसे महिला उद्यमियों और गृहणियों को घर में रखे निष्क्रिय सोने को उत्पादक पूंजी में बदलने में मदद करने के लिए डिज़ाइन किया गया है। यह सुविधा पूरे भारत में आईआईएफएल फाइनेंस की गोल्ड लोन शाखाओं में उपलब्ध है।
    यह योजना महिला उधारकर्ताओं के लिए शून्य प्रोसेसिंग फीस पर 0.81% प्रति माह (9.72% प्रति वर्ष) से शुरू होने वाली विशेष ब्याज दर प्रदान करती है। यह योजना भारतीय रिज़र्व बैंक द्वारा निर्धारित लोन-टू-वैल्यू सीमा के भीतर, ग्राहक के सोने के एवज में अधिकतम अनुमेय ऋण राशि भी प्रदान करती है।
    आईआईएफएल फाइनेंस के प्रमुख गोल्ड लोन, मयंक शर्मा ने कहा कि लाखों भारतीय महिलाओं के लिए, अलमारी में रखा सोना उनकी सबसे मूल्यवान संपत्ति है, और पीढ़ियों से इसका कोई उपयोग नहीं हुआ है। एक गोल्ड लोन बिना उनसे इसे दूर किए, इस स्थिति को बदलता है – वह इसे गिरवी रखती हैं, उधार लेती हैं, चुकाती हैं, और उनके आभूषण घर वापस आ जाते हैं। इस योजना के साथ हमने उन दो चीजों को दूर करने की कोशिश की है जो पहली बार ऋण लेने वाली महिला को पीछे खींचती हैं: ऋण की लागत और आवेदन करने की लागत। शून्य प्रोसेसिंग फीस एक सुविचारित संदेश है कि एक महिला उधारकर्ता का स्वागत है। स्वतंत्रता दिवस से पहले, यह बात करना बिल्कुल सही लगता है – भारत के अधिकांश परिवारों के लिए आर्थिक स्वतंत्रता की शुरुआत एक महिला द्वारा अपनी संपत्ति को काम में लाने का निर्णय लेने से होती है।
    आईआईएफएल फाइनेंस लिमिटेड भारत की अग्रणी खुदरा-केंद्रित एनबीएफसी में से एक है, जो एक व्यापक राष्ट्रव्यापी वितरण नेटवर्क के माध्यम से लाखों ग्राहकों को सेवाएं प्रदान करती है। कंपनी गोल्ड लोन और एमएसएमई लोन सहित वित्तीय समाधानों की एक विविध श्रृंखला प्रदान करती है। तकनीक, मजबूत शासन और ग्राहक-प्रथम दृष्टिकोण से संचालित, आईआईएफएल फाइनेंस औपचारिक वित्तीय सेवाओं तक पहुंच का विस्तार करने और पूरे भारत में समावेशी विकास को सक्षम करने के लिए प्रतिबद्ध है।

  • विभागीय मंत्री डा. रावत ने बैठक में अधिकारियों को दिये निर्देश

    विभागीय मंत्री डा. रावत ने बैठक में अधिकारियों को दिये निर्देश

    देहरादून,
    प्रदेशभर के 10 हजार बेरोजगार युवाओं को देशभर की विभिन्न बहु राष्ट्रीय कम्पनियों में रोजगार उपलब्ध कराया जायेगा। इसके लिये तकनीकी शिक्षा विभाग प्रदेशभर में विशेष रोजगार मेलों का आयोजन करेगा। जिसके तहत गढ़वाल व कुमाऊं मण्डल में दो-दो मेलों का आयोजन किया जायेगा। जिसमें विद्यालयी शिक्षा, उच्च शिक्षा तथा कौशल विकास विभाग की भी भागीदारी रहेगी।

    सूबे के विद्यालयी शिक्षा, उच्च शिक्षा एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री डाॅ. धन सिंह रावत ने आज अपने शासकीय आवास पर तकनीकी शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक ली। जिसमें उन्होंने सभी लम्बित कार्यों को नियत समय पर पूर्ण करने के आदेश विभागीय अधिकारियों को दिये। विभागीय मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार देना है। जिसके तहत अभी तक 42 हजार युवाओं को रोजगार दे चुकी है। जिसमें स्थाई कार्मिकों के अलावा संविदा व आउटसोर्स कार्मिक भी शामिल है। डाॅ. रावत ने कहा कि आगामी चार माह के भीतर तकनीकी शिक्षा विभाग प्रदेशभर के युवाओं को रोजगार देने के उद्देश्य से चार रोजगार मेलों का आयेाजन करेगा, जिसमें से गढ़वाल मंडल में श्रीनगर व देहरादून तथा कुमाऊं मण्डल में काशीपुर व अल्मोड़ा में मेलों का आयोजन किया जायेगा। जिसमें पाॅलीटेक्निक, आईटीआई व राजकीय इंजीनियरिंग काॅलेज से पास आउट एवं अंतिम वर्ष के छात्र-छात्राओं के अलावा विद्यालयी शिक्षा के तहत व्यावसायिक कोर्स कर चुके छात्र-छात्राओं को भी रोजगार का अवसर दिया जायेगा। इसके अलावा उच्च ग्रहण कर रहे छात्र-छात्राओं व ग्रामीण क्षेत्रों के बेरोजगार युवाओं को भी निजी कम्पनियों में रोजगार पाने का मौका मिल सकेगा। इसके लिये तकनीकी शिक्षा विभाग को एक सप्ताह के भीतर निःशुल्क आॅनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दे दिये गये हैं। डाॅ. रावत ने बताया कि रोजगार मेलों के आयोजन में विद्यालयी शिक्षा विभाग, उच्च शिक्षा के साथ ही सेवायोजन एवं कौशल विकास विभाग की भी भागीदारी सुनिश्चित की जायेगी। जिसके लिये शीघ्र ही एक उच्च स्तरीय संयुक्त बैठक बुलाई जायेगी। जिसमें रोजगार मेलों के कार्यक्रम को अंतिम रूप दिया जायेगा।

    बैठक में सचिव उच्च शिक्षा बी.वी.आर.सी पुरूषोत्तम, सचिव तकनीकी शिक्षा डाॅ. रंजीत सिन्हा, कुलपति तकनीकी विश्वविद्यालय प्रो. तृप्ता ठाकुर, निदेशक तकनीकी शिक्षा देशराज, अपर निदेशक विद्यालयी शिक्षा के.एस. रावत, उप सचिव तकनीकी शिक्षा ब्योमकेश दुबे, संयुक्त निदेशक तकनीकी शिक्षा देवेन्द्र गिरी, संयुक्त सचिव आईआरडीटी मुकेश पाण्डेय, उप निदेशक एस.के.वर्मा, महेन्द्र सिंह कन्याल, अभिषेक कुमार सिंह व सचिन कुमार सहित अन्य विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

    *बाॅक्स*

    *विभागों में होगा मीडिया सेल का गठन*
    बैठक में कैबिनेट मंत्री डाॅ. धन सिंह रावत ने समीक्षा बैठक में विभागीय अधिकारियों को अपने मुख्यालय में एक मीडिया सेल गठन करने के निर्देश दिये। जिसका मुख्य कार्य विभागीय वेबसाइट एवं सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म को नियमित रूप से अपडेट करने के साथ ही सरकार की योजनाओं, उपलब्धियों, विकास कार्यों एवं नवाचारों की जानकारी विभिन्न संचार माध्यमों से आमजन तक पहुंचाना होगा। मीडिया सेल में आईटी एवं तकनीकी रूप से दक्ष तीन कार्मिकों को शामिल कर यह जिम्मेदारी दी जायेगी।

     

  • *हर घर तिरंगा अभियान को जन-जन तक पहुंचाने की तैयारी, 9 से 17 अगस्त तक होंगे देशभक्ति के विविध कार्यक्रम

    *हर घर तिरंगा अभियान को जन-जन तक पहुंचाने की तैयारी, 9 से 17 अगस्त तक होंगे देशभक्ति के विविध कार्यक्रम

     

    *देहरादून,
    स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभक्ति एवं राष्ट्र गौरव की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से जनपद देहरादून में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत 9 से 17 अगस्त तक विभिन्न देशभक्ति कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। अभियान के माध्यम से आमजन को राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान एवं राष्ट्रीय एकता की भावना से जोड़ने के साथ ही स्वतंत्रता दिवस को राष्ट्र उत्सव के रूप में भव्यता के साथ मनाया जाएगा।

    जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने जनपदवासियों से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल एक राष्ट्रीय पर्व ही नहीं, बल्कि देश के प्रति सम्मान, गौरव और एकजुटता की भावना को अभिव्यक्त करने का अवसर भी है। उन्होंने जनपदवासियों से पूरे उत्साह के साथ अभियान में भागीदारी कर राष्ट्र उत्सव ‘इंडिपेंडेंस डे’ को भव्य एवं यादगार बनाने का आह्वान किया।

    मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह ने बताया कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत जनपद की प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में तिरंगा रैली आयोजित की जाएगी। विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में तिरंगा थीम पर रंगोली सहित विभिन्न देशभक्ति कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों के साथ ही मुख्य बाजारों एवं प्रमुख शॉपिंग मॉल में तिरंगा प्रदर्शनी लगाई जाएगी, ताकि अधिक से अधिक नागरिकों को अभियान से जोड़ा जा सके और स्वतंत्रता दिवस के प्रति उत्साह का वातावरण तैयार किया जा सके।

    उन्होंने बताया कि जनपद स्तर पर पर्यटन विभाग द्वारा 9 अगस्त को तिरंगा साइकिल रैली एवं तिरंगा बाइक रैली का आयोजन किया जाएगा। रैलियों के माध्यम से नागरिकों को राष्ट्रध्वज के सम्मान एवं राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया जाएगा।

    मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस से पूर्व जनपद के सरकारी कार्यालयों, विद्यालयों एवं महाविद्यालयों को तिरंगा थीम पर आकर्षक विद्युत सज्जा से सजाया जाएगा। इससे शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में स्वतंत्रता दिवस के उत्सव का माहौल और अधिक जीवंत एवं आकर्षक बनेगा।

    जिला प्रशासन ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में सक्रिय सहभागिता करते हुए अपने घरों एवं प्रतिष्ठानों पर तिरंगा फहराएं तथा देशभक्ति से जुड़े कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लें। सामूहिक सहभागिता से स्वतंत्रता दिवस के राष्ट्रीय पर्व को एकता, गौरव और देशभक्ति के उत्सव के रूप में मनाने का संदेश दिया जाएगा।