देहरादून।
विश्व गर्भाशय कैंसर उन्मूलन दिवस के अवसर पर बुधवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय देहरादून में एक विशेष जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला में सीएमओ कार्यालय की सभी महिला कर्मचारी अधिकारियों और राज्य नर्सिंग कॉलेज की छात्राओं ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ मनोज कुमार शर्मा ने सर्विकल कैंसर के संक्रमण के कारणों सहित जांच, उपचार एवं टीकाकरण के संबंध में जागरूक किया। उन्होंने कहा कि महिलाएं किसी भी परिवार का आधार होती हैं, यदि उनके स्वस्थ सुरक्षित रहेगा तो परिवार का भविष्य भी सुरक्षित रहेगा। उन्होंने उपस्थित महिलाओं एवं किशोरियों से अपील की कि वे गर्भाशय के कैंसर के कर्म लक्षणों उपचार एवं टीकाकरण से संबंधित जानकारी एवं संदेश को अपने परिवार आस-पड़ोस एवं समाज में पहुंचाएं जिससे अधिक से अधिक महिलाओं एवं किशोरियों को इस संक्रमण से बचाया जा सके।
CAPED संस्था से डॉ सना परवीन ने सर्विकल कैंसर की पहचान, स्क्रीनिंग और एचपीवी टीकाकरण के संबंध में एक विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया।
कार्यशाला में जानकारी दी गई कि सर्विकल कैंसर गर्भाशय या बच्चेदानी के मुँह का कैंसर होता है। भारत में हर 8 मिनट में एक महिला की इस बीमारी से मृत्यु होती है। लगभग सभी सर्विकल कैंसर ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) के कारण होते हैं। यह मुख्यतः अंतरंग यौन संपर्क के माध्यम से फैलता है। हालांकि, यदि 9 से 14 वर्ष की बच्चियों का टीकाकरण करवाया जाए और 30 से 65 वर्ष की उम्र में नियमित रूप से इसकी जाँच करवाई जाए, तो इस कैंसर से लगभग 100 प्रतिशत बचा जा सकता है।
सर्विकल कैंसर की जांच बहुत आसान होती है जो सभी सरकारी चिकित्सालय में निशुल्क उपलब्ध है। सर्विकल कैंसर की बढ़ी हुई अवस्था के लक्षणों में मासिक धर्म के अतिरिक्त रक्त-स्राव, योनिद्वार से असामान्य अथवा बदबूदार पानी का बहना, सम्भोग के बाद रक्त-स्राव और सम्भोग के दौरान तथा निचले पेट में दर्द शामिल हैं।
कार्यशाला में पीसीपीएनडीटी समन्वयक ममता बहुगुणा, एनसीडी सलाहकार अर्चना उनियाल, रेखा उनियाल, मुक्ता मल्होत्रा सहित 40 से अधिक महिलाओं एवं किशोरियों ने उपस्थिति दर्ज कराई।