देहरादून,
आज ‘सेवा, सुशासन, जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम के तहत कैंट विधानसभा के अंतर्गत चौधरी फार्म (जीएमएस रोड) में एक विशाल बहुउद्देशीय शिविर का सफल आयोजन किया गया। क्षेत्रीय विधायक श्रीमती सविता कपूर की अध्यक्षता में आयोजित इस शिविर के मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद श्री नरेश बंसल और विशिष्ट अतिथि महापौर सौरभ थपलियाल रहे। शिविर का मुख्य उद्देश्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार करना और उनका सीधा लाभ आम जनमानस तक पहुंचाना था। इस अवसर पर बीजेपी के पार्षद, मंडल अध्यक्ष, पन्ना प्रमुख, सिटी मजिस्ट्रेट और विभिन्न सरकारी विभागों के आला अधिकारी मौजूद रहे। शिविर में जनसंवाद के साथ-साथ नुक्कड़ नाटक के माध्यम से भी लोगों को जागरूक किया गया।
शिविर को सुचारू रूप से चलाने के लिए 22 सरकारी विभागों के स्टॉल लगाए गए, जिसमें स्वास्थ्य सेवाओं पर विशेष फोकस रहा। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सीमद्वार की टीम, आरबीएसके टीम, जिला क्षय रोग विभाग की टीम और ग्राफिक एरा के डॉक्टरों द्वारा शिविर में आए कुल 253 रोगियों का पंजीकरण कर उनका मुफ्त उपचार किया गया, जिनमें 179 पुरुष और 74 महिलाएं शामिल थीं। इसके साथ ही शिविर में 17 लोगों की रक्त जांच की गई और 50 लाभार्थियों की आभा (ABHA) आईडी बनाई गई। क्षय रोग से पीड़ित मरीजों के लिए विशेष रूप से एक्स-रे और आभा आईडी बनाने की सुविधा भी दी गई। शिविर में अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अविनाश खन्ना और राकेश बिष्ट उपस्थित रहे।