धनौल्टी रोड पर 8 लोगों को बचाया

श्रीनगर। कीर्तिनगर ब्लॉक में आपदा प्रभावित गोदी कोठार गांव में एक बुजुर्ग महिला मलबे में दब गई थी। आखिरकार तीन दिन बाद एसडीआरएफ टीम ने शव को मलबे से बाहर निकाला। बताया जा रहा है कि बचनी देवी (67 वर्ष) 20 अगस्त की रात को कोठार गांव में आई दैवीय आपदा में मलबे के नीचे दब गई थी. तीन दिन चले सर्च ऑपरेशन में मंगलवार को एसडीआरएफ टीम को बचनी देवी का शव मलबे के नीचे मिला।
इसके साथ ही इसी गांव के तीन परिवारों को जिला प्रशासन ने फौरी तौर पर आर्थिक मदद दी है। तीनों परिवारों का घर आपदा की भेंट चढ़ चुका है। इसके साथ ही डागर क्षेत्र ओर बढियारगढ़ इलाकों में कई हेक्टेयर कृषि योग्य भूमि आपदा की भेंट चढ़ चुकी। इसके अलावा आधा दर्जन गांवों में तीन दिन बाद भी पेयजल आपूर्ति पूरी तरह से सुचारू नहीं हो पाया है। 20 अगस्त को हुई तेज बारिश के कारण जगह जगह बिजली के पोल उखड़ने से दूर दराज के गांवो में विद्युत आपूर्ति भी ठप पड़ी हुई है। स्थानीय विधायक विनोद कंडारी ने भी कीर्तिनगर ब्लॉक के आपदाग्रस्त इलाकों का भ्रमण  कर पीड़ितों को हर संभव मदद करने का आश्वासन दिया है।
स्थानीयों ने कहा पिछले कई वर्षों से इस इलाके में दैवीय आपदाएं आती रहती हैं, लेकिन 20 अगस्त जैसी बारिश उन्होंने अपने जीवन काल में पहली बार देखी। बारिश के कारण उनकी कृषि भूमि पूरी तरह से तबाह हो गई है। उनके सामने आजीविका का भी संकट खड़ा हो चुका है। ग्रामीणों को सरकार जल्द से जल्द आर्थिक मदद पहुंचाये। उत्तराखंड में पिछले दिनों आई आपदा में कई गांव तहस नहस हो गए हैं। वहीं कई घर पानी की तेज बहाव में बह गए। कई लोगों की मौत हो गई तो कई लोग लापता हो गए। एसडीआरएफ ने जानकारी दी कि उन्हें सूचना मिली कि धौलागिरी धनौल्टी रोड पर 8 लोग फंसे हुए हैं। जिसके बाद एसडीआरएफ की रेस्क्यू टीम तुरंत मौके पर पहुंची। एसडीआरएफ टीम ने सभी को सुरक्षित बचा लिया और उन्हें देहरादून लाया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *