4 गढ़वाल राइफल्स के वीरों ने किया नूरानांग के अमर बलिदानियों को नमन-बैटल ऑनर दिवस पर उमड़ा फौजी परिवार

 

देहरादून,  भारत-चीन युद्ध 1962 के युद्ध सम्मान ‘नूरानांग’ से अलंकृत भारतीय सेना की गौरवशाली बटालियन 4th गढ़वाल राइफल के वेटरन्स ने आज सर्वे चौक स्थित IRDT सभागार में अपना बैटल ऑनर दिवस बड़े धूमधाम और सैन्य परम्परा के साथ मनाया।

यह बताना गौरव की बात है कि इस ऐतिहासिक युद्ध में बटालियन के 3 अधिकारियों, 4 जूनियर कमीशंड अधिकारियों, 148 अन्य रैंक और 7 नॉन-कॉम्बेटेंट वीरों ने भारत माता की रक्षा करते हुए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया था। उनकी अ‌द्वितीय बहादुरी के लिए बटालियन को 2 महावीर चक्र, 7 वीर चक्र सहित अन्य कई वीरता पदकों से अलंकृत किया गया, और फलस्वरूप 4 गढ़वाल राइफल को युद्ध सम्मान नूरानांग से सम्मानित किया गया।

इस गरिमामय समारोह में ब्रिगेडियर की पी. एस. गुसाई ब्रिगेडियर प्रन लाल शाह कर्नल अजय कोठियाल, शौर्य चक्र, कीर्ति चक्र, विशिष्ट सेवा मेडल, श्री विनोद खंडूरी, वरिष्ठ कार्यकर्ता भाजपा सहित अनेक सेवारत एवं सेवानिवृत्त अधिकारी, जेसीओ, पूर्व सैनिक, उनके परिजन, वीर नारियों तथा जसवंत बाबा नूरानांग जन कल्याण समिति के अध्यक्ष हवलदार बच्चन सिंह नेगीव समिति के अन्य पदाधिकारियों ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया।

समारोह के मुख्य अतिथि नूरानांग युद्ध के चश्मदीद गवाह रहे पूर्व कैप्टन महेन्द्र सिंह नेगी रहे। उन्होंने 17 नवंबर 1962 की उस ऐतिहासिक लड़ाई का आंखों देखा हाल सुनाया, जब 4 गढ़वाल राइफल्स की एक छोटी सी टुकड़ी ने हजारों चीनी सैनिकों को नूरानांग में रोक कर रखा था। उन्होंने राइफलमैन जसवंत सिंह रावत, महावीर चक्र (मरणोपरांत) की अदम्य बहादुरी की गाथा सुनाकर सभी को भाव-विभोर कर दिया, जिन्होंने अकेले 72 घंटे तक मोर्चा संभाले रखा था।

मुख्य अतिथि ने कहा, “नूरानांग केवल एक युद्ध नहीं, बल्कि गढ़‌वाली वीरों के शौर्य का जीवंत इतिहास है।”

इस अवसर पर उत्तराखण्ड संस्कृति विभाग की नाटक मंचन टीम ने वीर रस से प्रेरित गढ़वाली गानों व संगीत का सुन्दर मंचन कर सबका मन मोह लिया।

इस अवसर पर बटालियन के पूर्व सैनिकों का एक दल राइफलमैन जसवंत सिंह रावत, महावीर चक्र के पैतृक गांव बाड्यू (दौनाऊ), पौड़ी गढ़वाल में भी उनकी प्रतिमा पर श्रद्धा सुमन अर्पित करने पहुंचा और उनके बलिदान को याद किया।

समारोह का समापन वीर सैनिकों व वीर नारियों के सम्मान और राष्ट्र की अखंडता की शपथ के साथ हुआ।

भवदीय,

हवलदार बच्चन सिंह नेगी

अध्यक्ष, जसवंत बाबा नूरानांग जन

कल्याण समिति, देहरादून

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *