*कालागढ़*। विधानसभा अध्यक्ष उत्तराखंड एवं विधायक कोटद्वार ऋतु खण्डूडी भूषण ने मंगलवार को कोटद्वार विधानसभा क्षेत्र के कालागढ़ स्थित राजकीय इंटर कॉलेज पहुंचकर भारतीय कृषि बीमा कंपनी (ए.आई.सी.) एवं आधारशिला संस्थान द्वारा आयोजित कंप्यूटर वितरण कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि प्रतिभाग किया।
कालागढ़ पहुंचने पर क्षेत्रवासियों एवं स्थानीय कार्यकर्ताओं द्वारा ऋतु खण्डूडी भूषण का जोरदार स्वागत किया गया। राजकीय इंटर कॉलेज कालागढ़ में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत से हुई। छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में उत्साह और उमंग का वातावरण बनाया।
इस अवसर पर अपने संबोधन में ऋतु खण्डूडी भूषण ने कहा कि आज के बदलते दौर में शिक्षा के साथ तकनीकी ज्ञान भी अत्यंत आवश्यक है। कंप्यूटर शिक्षा विद्यार्थियों को आधुनिक दुनिया की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करने के साथ ही उनके लिए रोजगार और आत्मनिर्भरता के नए अवसर खोलती है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकसित भारत के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है। विकसित भारत के निर्माण में शिक्षा, तकनीक, युवा शक्ति और महिला सशक्तिकरण की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में अध्ययनरत विद्यार्थियों तक आधुनिक तकनीकी संसाधन पहुंचाना सरकार और सामाजिक संस्थाओं की साझा जिम्मेदारी है।
ऋतु खण्डूडी भूषण ने कहा कि बेटियों को शिक्षा, तकनीकी ज्ञान और आत्मनिर्भरता से जोड़ना महिला सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने विद्यार्थियों को कंप्यूटर एवं डिजिटल तकनीक का सकारात्मक एवं रचनात्मक उपयोग करते हुए अपने ज्ञान को बढ़ाने तथा भविष्य की चुनौतियों के लिए स्वयं को तैयार करने का आह्वान किया।
उन्होंने कंप्यूटर वितरण के लिए भारतीय कृषि बीमा कंपनी (ए.आई.सी.) एवं आधारशिला संस्थान का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सामाजिक संस्थाओं और विभिन्न संगठनों द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे ऐसे प्रयास विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान हैं।
उन्होंने कहा कि कोटद्वार विधानसभा के दूरस्थ क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। क्षेत्र के विकास के साथ-साथ युवाओं और विद्यार्थियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है।
कार्यक्रम में भाजपा मंडल अध्यक्ष कालागढ़ मीनाक्षी चौधरी, तरुण कुमार सिंह क्षेत्रीय प्रबंधक ए.आई.सी. देहरादून, नरेश चंद्र घिल्डियाल संस्थापक आधारशिला संस्थान, प्रधानाचार्य सतीश कुमार, अतुल नौटियाल, विधायक प्रतिनिधि योगेश कुमार, वरिष्ठ भाजपा नेता शंकर सिंघल, मयंक सिंह, दीपक नेगी, दीपक मेंदोला, कोमल सिंह सहित शिक्षकगण, क्षेत्रवासी एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।