सेवा संकल्प अभियान के तहत जन-जन की सरकार जन-जन के द्वार कार्यक्रम के अंतर्गत बहादराबाद में बहुउद्देशीय शिविर आयोजित

*हरिद्वार,
        सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम के अंतर्गत बहादराबाद विकासखंड सभागार में बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विभिन्न गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे और पेयजल, सड़क, बिजली, पेंशन, राशन, राजस्व, कृषि, समाज कल्याण और अतिक्रमण समेत विभिन्न समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं।
        आयोजित शिविर में कुल 630 लोगों ने प्रतिभाग किया। विभिन्न प्रमाणपत्र बनवाने के लिए 74 आवेदन प्राप्त हुए, जबकि विभिन्न योजनाओं के माध्यम से 328 लोगों को लाभान्वित कराया गया। ग्रामीणों की ओर से कुल 39 शिकायतें दर्ज कराई गईं, जिनमें से सात का मौके पर ही निस्तारण किया गया।
     आयोजित शिविर में करीब 23 विभागों ने स्टॉल लगाकर ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी और पात्र लोगों से मौके पर आवेदन प्राप्त किए। अधिकारियों ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि प्राप्त शिकायतों को संबंधित विभागों तक पहुंचाकर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार उनका निस्तारण कराया जाएगा।
        दर्जाधारी मंत्री देशराज कर्णवाल ने कहा कि सरकार का उद्देश्य केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। ग्रामीणों को समस्याओं के समाधान के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए गांव-गांव में ऐसे शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।
     दर्जाधारी मंत्री जयपाल सिंह चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में पात्र लोगों तक योजनाओं का सीधा लाभ पहुंचाने और जनसमस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने का प्रयास किया जा रहा है।
        खंड विकास अधिकारी मानस मित्तल ने बताया कि शिविर का मुख्य उद्देश्य आमजन को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही पात्र लोगों के आवेदन मौके पर ही प्राप्त करना है। शिविर में अतिक्रमण से जुड़ी शिकायतें भी सामने आईं, जिनके समाधान के लिए संबंधित राजस्व अधिकारियों के स्तर से आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
    आयोजित शिविर में ब्लॉक प्रमुख बहादराबाद आशा नेगी, विधायक रानीपुर आदेश चौहान, उप प्रमुख उधम सिंह, सुशांत चौहान, तेलूराम, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी सरिता रावत, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *