देहरादून,
देहरादून। प्रदेश के कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत आगामी 22 से 24 मई तक अपने विधानसभा क्षेत्र श्रीनगर के तीन दिवसीय दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह श्रीनगर नगर क्षेत्र सहित आसपास के गांवों में पहुंचकर विभिन्न विकास योजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण करेंगे। साथ ही विभिन्न स्थानों पर आयोजित जनसभाओं एवं जनसम्पर्क कार्यक्रमों में प्रतिभाग कर आमजन की समस्याओं को सुनेंगे तथा उनके सुझाव भी प्राप्त करेंगे।
डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र के समग्र एवं चहुमुखी विकास के लिये वह निरंतर प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहे हैं। क्षेत्र में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, पर्यटन एवं आधारभूत सुविधाओं के विकास को प्राथमिकता देते हुए विभिन्न योजनाओं को धरातल पर उतारा जा रहा है। उन्होंने कहा कि क्षेत्रवासियों की समस्याओं का त्वरित समाधान उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है, जिसके लिये वह लगातार गांव-गांव जाकर लोगों से संवाद स्थापित कर रहे हैं।
डाॅ. रावत ने कहा कि तीन दिवसीय भ्रमण के दौरान वह 22 मई (शुक्रवार) को श्रीनगर में राजकीय प्राथमिक विद्यालय नंदन, नगर पालिका के नव निर्मित भवन का लोकार्पण करेंगे साथ ही अतिरिक्त कक्षा-कक्ष एवं शौचालय के निर्माण कार्यों का शिलान्यास भी करेंगे। इसके अलावा वह राजकीय हाईस्कूल विद्यालय श्रीकोट-गंगानाली के नवनिर्मित भवन का लोकार्पण तथा विज्ञान प्रयोगशाला का शिलान्यास करेंगे। इसके उपरांत डाॅ. रावत बार एसोसिएशन, श्रीनगर के पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। भ्रमण के दौरान डाॅ. रावत गंगा विहार, भागीरथीपुरम, उत्तम विहार (मिस्त्री मोहल्ला) जनसम्पर्क कर आम लोगों से मुलाकात करेंगे और उनकी समस्याओं को सुनेंगे।
शनिवार को डाॅ. रावत राजकीय इंटर कालेज श्रीनगर में पर्सनलाइज्ड ऐडैप्टिव लर्निंग लैब एवं अटल टिंकरिंग लैब का शुभारंभ करेंगे, इसके बाद वह कोल्ठा में आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग करेंगे, जहां वह खिर्सू-श्रीनगर मोटर मार्ग से कोल्ठा गांव के लिये स्वीकृत मोटर मार्ग के निर्माण कार्यों का शिलान्यास करेंगे। इसके उपरांत वह मरखोड़ा में राजकीय इंटर काॅलेज मरखोड़ा की इंटरलाॅकिंग टाइल्स मार्ग एवं मरखोड़ा इंटर काॅलेज के सौन्दर्यीकरण एवं स्वच्छता अभियान के तहत नव निर्मित शौचालयों का लोकार्पण करेंगे। इसके बाद डाॅ. रावत देवलगढ़ में राजस्व चैकी के मरम्मत व सौन्दर्यीकरण कार्यों तथा देवलगढ़-चमधार मोटर मार्ग से अम्बेडकर गांव चैखाल तक मोटर मार्ग के नव निर्माण कार्यों का लोकार्पण करेंगे। चकवाली में डाॅ. रावत फरासू-मन्दोली-चकवाली मोटर मार्ग के डामरीकरण के कार्यों का भी लोकार्पण करेंगे। इसके उपरांत वह कंसमर्दिनीसैण, तिवारी एवं ट्रेजरी मोहल्ले सहित गणेश बाजार में जनसंपर्क करेंगे।
रविवार को डॉ रावत श्रीनगर में अवकाश प्राप्त कर्मचारी संगठन के पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे, इसके अलावा वह खिर्सू के ग्राम प्रहरियों एवं टैक्सी एसोसिएशन के पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे।