देहरादून।
हरिद्वार जनपद के बोंगला गांव में शुक्रवार का दिन ऐतिहासिक बन गया। आईटीसी मिशन सुनहरा कल के सहयोग से राजकीय प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालय बोंगला का लोकार्पण किया गया। इस अवसर पर गांव में उत्साह का माहौल रहा और विद्यालय परिसर विकास की नई किरणों से जगमगा उठा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि अपर जिलाधिकारी हरिद्वार श्री फिंचा राम चौहान और मुख्य शिक्षा अधिकारी डॉ. के.के. गुप्ता ने संयुक्त रूप से विद्यालय का उद्घाटन किया। इस दौरान आईटीसी लिमिटेड के महाप्रबंधक अनंत महेश्वरी, मानव संसाधन प्रमुख अल्ताफ हुसैन, तथा सीएसआर अधिकारी पामीश कुमार और सचिन कामबले भी मौजूद रहे।
सहयोगी संस्था भुवनेश्वरी महिला आश्रम से डॉ. पंत और रंजीत कैंतुरा ने भागीदारी निभाई। वहीं मिशन सुनहरा कल से जुड़ी अन्य संस्थाएँ—प्रथम, पीपीएचएफ, लोक मित्र बंधन और इन्फोटेक—ने स्टॉल लगाकर शिक्षा, आजीविका और सामुदायिक विकास में किए जा रहे कार्यों का प्रदर्शन किया।
विद्यालय परिवार और ग्राम समुदाय की सक्रिय भागीदारी ने समारोह को खास बना दिया। विद्यालय के प्रधानाध्यापक अनुज चौहान, शिक्षकगण, ग्राम प्रधान बोंगला नीरज चौहान, जेष्ठ प्रमुख बहादराबाद तथा गांव के गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को सामुदायिक उत्सव का रूप दिया।
अपर जिलाधिकारी ने विद्यालय के साथ-साथ नवनिर्मित शौचालय ब्लॉक और दिव्यांगजनों हेतु विशेष शौचालय का भी उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ स्वच्छता और बुनियादी ढांचे का विकास बच्चों के आत्मविश्वास को मजबूत बनाता है।
मुख्य शिक्षा अधिकारी डॉ. के.के. गुप्ता ने कहा, “आईटीसी मिशन सुनहरा कल ग्रामीण शिक्षा को नई दिशा दे रहा है और यह पहल बच्चों को बड़े सपने देखने के लिए प्रेरित करती है।”
यह लोकार्पण केवल भवन का उद्घाटन नहीं, बल्कि शिक्षा और सामाजिक विकास का नया अध्याय है। बच्चों की मुस्कान और ग्रामीणों का उत्साह इस बात का प्रमाण था कि यह पहल गांव के लिए आशा और उज्जवल भविष्य का प्रतीक बनेगी।